‘शर्मा जी की चाय’ के मालिक के बेटे ने बर्थडे पार्टी में की फायरिंग, विरोध करने पर कर्मचारियों से मारपीट!

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के प्रसिद्ध ‘शर्मा जी की चाय’ के मालिक के बेटे गौरव शर्मा पर बर्थडे पार्टी के दौरान हवाई फायरिंग और रिसॉर्ट कर्मचारियों के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। मामले में पुलिस ने गौरव शर्मा को हिरासत में ले लिया है। वहीं, घटना में लापरवाही बरतने के आरोप में संबंधित चौकी प्रभारी निमेश दुबे को निलंबित कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, घटना रविवार को मोहनलालगंज क्षेत्र स्थित एक रिसॉर्ट में हुई। गौरव शर्मा अपने करीब 40 साथियों के साथ जन्मदिन मनाने के लिए रिसॉर्ट पहुंचे थे। पार्टी के दौरान डीजे पर डांस चल रहा था और बताया जा रहा है कि कई युवक नशे की हालत में थे। इसी दौरान गौरव शर्मा ने कथित तौर पर अपनी पिस्टल निकालकर लगातार चार राउंड हवाई फायरिंग कर दी।
रिसॉर्ट कर्मचारियों ने जब इसका विरोध किया और फायरिंग रोकने का प्रयास किया, तो उनके साथ मारपीट की गई। रिसॉर्ट कर्मचारी जितेंद्र की तहरीर पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर गौरव शर्मा को हिरासत में ले लिया।
शिकायतकर्ता जितेंद्र के मुताबिक, गौरव शर्मा के अलावा उनके कुछ साथियों ने भी हवाई फायरिंग की थी। कर्मचारियों द्वारा मना करने के बावजूद नशे में धुत युवक नहीं माने और उन्हें दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। स्थिति बिगड़ने पर कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। साथ ही, संबंधित चौकी इंचार्ज निमेश दुबे को कर्तव्यों में लापरवाही बरतने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है।




