युवायूपीलोकल न्यूज़शिक्षासामाजिक

लोकबंधु राजनारायण मेमोरियल इंटर कॉलेज का 22वां वार्षिकोत्सव धूमधाम से संपन्न, मेधावी छात्र-छात्राओं को किया गया सम्मानित

लखनऊ। चिनहट-अयोध्या मार्ग स्थित उत्तरधौना के लोकबंधु राजनारायण मेमोरियल इंटर कॉलेज का 22वां वार्षिकोत्सव एवं साप्ताहिक खेलकूद प्रतियोगिता मंगलवार को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों और पुरस्कार वितरण समारोह के साथ हर्षोल्लासपूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती, लोकबंधु राजनारायण, स्वर्गीय भगवती सिंह, स्वर्गीय मास्टर भीखम सिंह एवं स्वर्गीय बाबू जगन्नाथ सिंह के चित्रों पर माल्यार्पण, पुष्पांजलि एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने मां सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर कार्यक्रम का आगाज किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. टीपी सिंह ने कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों में छिपी प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें आगे बढ़ने का बेहतर मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सराहना की तथा उपस्थित लोगों को नशामुक्त भारत बनाने का संकल्प दिलाया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बच्चों ने ‘बम-बम भोले’ गीत पर शानदार प्रस्तुति देकर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। इसके अलावा फास्ट फूड के दुष्प्रभाव, नारी शक्ति, ऑपरेशन सिंदूर और छठ पूजा जैसे विषयों पर आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं। यूकेजी के बच्चों ने एग्जाम-एग्जाम कॉमेडी डांस, लेजी डांस, मोरनी बनके, अप्सरा अली एवं बंगाली डांस की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर खूब तालियां बटोरीं।

विद्यालय में आयोजित साप्ताहिक खेलकूद प्रतियोगिताओं में खो-खो, कबड्डी, वॉलीबॉल, 400 मीटर दौड़, स्लो साइकिलिंग, 200 मीटर दौड़, रस्साकसी, जलेबी रेस, बाल बैलेंसिंग, म्यूजिकल गेम, पिंक द बॉल एवं कप बैलेंसिंग सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को मुख्य अतिथि ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

खो-खो प्रतियोगिता में बालिका वर्ग की कक्षा पांच की कीर्ति पटेल, कक्षा सात की कप्तान साक्षी एवं कक्षा नौ-बी की कप्तान रेनू की टीम ने प्रतिभा दिखाई। कबड्डी प्रतियोगिता में कक्षा 10-ए के कप्तान प्रिंस यादव और कक्षा 12 के कप्तान आगमन दूबे की टीम के बीच मुकाबला बराबरी पर समाप्त हुआ। वहीं वॉलीबॉल में कक्षा 10 के कप्तान दीपांशु मिश्रा की टीम ने भाग लिया।

400 मीटर दौड़ में विभिन्न कक्षाओं के बालक एवं बालिका वर्ग के प्रतिभागियों ने प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया। स्लो साइकिलिंग, 200 मीटर दौड़ एवं अन्य मनोरंजक प्रतियोगिताओं में भी बच्चों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। रस्साकसी में कक्षा एक के सुमित चौहान, संकल्प, राघवेंद्र एवं ज्ञानेंद्र की टीम विजेता रही। वहीं जलेबी रेस, बाल बैलेंसिंग, म्यूजिकल गेम, पिंक द बॉल और कप बैलेंसिंग में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

इसके अतिरिक्त राखी मेकिंग, मेहंदी, रंगोली एवं बोर्ड डेकोरेशन प्रतियोगिताओं में भी छात्र-छात्राओं ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा दिखाई। विद्यालय की ओर से बेस्ट मॉनीटर, बेस्ट असेंबली लीडर, बेस्ट वॉलंटियर एवं बेस्ट प्लेयर सहित विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।

विद्यालय प्रबंधक शिवकुमार सिंह ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए विद्यालय की विगत 22 वर्षों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य शिक्षा के साथ-साथ बच्चों के सर्वांगीण विकास और उनकी प्रतिभाओं को उचित मंच प्रदान करना है।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. टीपी सिंह (प्रबंधक, चंद्रभान गुप्ता कृषि महाविद्यालय, बख्शी का तालाब), विशिष्ट अतिथि प्रताप सिंह जंगलिया, डॉ. गणेश चंद्र मिश्र (प्रबंधक, नेशनल इंटर कॉलेज), सेवानिवृत्त आईपीएस अजय शंकर राय सहित डॉ. हरनाम सिंह, अमित सिंह सूर्यवंशी, अमरेंद्र बहादुर सिंह, पीपी शर्मा, नागेंद्र दादा, तेज शंकर अवस्थी (दद्दू), महेंद्र वर्मा, एनके मूना, शिवकुमार सिंह, मास्टर सीबी सिंह, योगेश चौहान, प्रदीप सिंह (बब्लू), संदीप सिंह (रिंकू), प्रधानाचार्या मोहिनी सिंह, राजीव कुमार यादव एवं उप प्रधानाचार्य मो. सलीम सहित विद्यालय परिवार के शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!