
लखनऊ। राजधानी के बीबीडी थाना क्षेत्र में एक कारोबारी पर जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने कई नामजद आरोपियों और 15-20 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह एफआईआर 31 जुलाई 2026 को बीबीडी थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में दर्ज की गई है।
शिकायतकर्ता धर्मेंद्र कुमार ने आरोप लगाया है कि 30 जुलाई की शाम वह एमिटी ग्रीन सिटी स्थित कार्यालय से गोमती नगर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गैस गोदाम के पास पहले से घात लगाए बैठे कुछ लोगों ने उनकी कार को रोककर कथित तौर पर फायरिंग की और जान से मारने का प्रयास किया। शिकायतकर्ता का दावा है कि वह अपनी सूझबूझ से मौके से निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।
शिकायतकर्ता ने अपनी तहरीर में रुद्र प्रताप, मानस मिश्रा, आदित्य प्रताप सिंह, शौर्य शाही और शुभम सिंह सहित अन्य 15 से 20 लोगों को नामजद करते हुए आरोप लगाया है कि सभी ने मिलकर इस घटना को अंजाम दिया। साथ ही यह भी दावा किया गया है कि इससे पहले भी उनकी कार में तोड़फोड़ की घटना हो चुकी है और उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 191(2), 191(3), 190, 109 और 351(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। मामले की जांच उपनिरीक्षक अश्वनी कुमार राय को सौंपी गई है।
पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।




