लखनऊ 19 फायर सेफ्टी नोटिसों की अनदेखी के बाद जवाहर भवन में लगी आग, प्रशासनिक लापरवाही पर उठे सवाल!

लखनऊ के जवाहर भवन में लगी भीषण आग के बाद प्रशासनिक लापरवाही को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जानकारी के अनुसार, जिस भवन में यह अग्निकांड हुआ, उसे फायर सेफ्टी की कमियों को लेकर पहले ही 19 बार नोटिस जारी किए जा चुके थे।
बताया जा रहा है कि ये नोटिस भवन के व्यवस्था अधिकारी और अधिशाषी अभियंता (एक्सईएन) को भेजे गए थे। नोटिसों में भवन की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था में मौजूद खामियों को दूर करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन समय रहते आवश्यक सुधार नहीं किए गए।
अब आग की घटना के बाद यह सवाल उठ रहा है कि यदि संबंधित अधिकारियों ने नोटिसों को गंभीरता से लेते हुए फायर सेफ्टी के मानकों का पालन सुनिश्चित किया होता, तो संभव है कि इस बड़े हादसे को टाला जा सकता था।
फिलहाल, घटना के बाद प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा है और आग लगने के कारणों के साथ-साथ फायर सेफ्टी नियमों की अनदेखी की भी जांच की जा रही है। इस घटना ने सरकारी भवनों में सुरक्षा मानकों के पालन और जवाबदेही को लेकर नई बहस छेड़ दी है।




