लखनऊ में बड़ी चोरी: एसटीपी चौकी से 50 मीटर दूर मिनी पलक ज्वैलर्स का शटर काटकर लाखों के जेवर चोरी!

राजधानी लखनऊ के बीबीडी थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। ताजा मामला एसटीपी चौकी के पास स्थित मिनी पलक ज्वैलर्स की दुकान का है, जहां बीती रात अज्ञात चोरों ने दुकान का शटर काटकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया।
बताया जा रहा है कि दुकान एसटीपी चौकी से महज 50 मीटर की दूरी पर स्थित है, इसके बावजूद चोर बेखौफ होकर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। सुबह जब दुकान मालिक मौके पर पहुंचे तो शटर कटा हुआ देखकर उनके होश उड़ गए। अंदर का सामान बिखरा पड़ा था और दुकान से बड़ी मात्रा में जेवर गायब मिले।
घटना की सूचना मिलते ही बीबीडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि चोरों की पहचान की जा सके। शुरुआती अनुमान के मुताबिक चोरी में लाखों रुपये के आभूषण चोरी हुए हैं।
स्थानीय व्यापारियों में घटना को लेकर भारी नाराजगी है। व्यापारियों का कहना है कि पुलिस चौकी के इतने करीब चोरी होना सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करता है। लोगों ने क्षेत्र में रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और जल्द खुलासे का दावा कर रही है।




