“अलीगंज अग्निकांड: मौन जुलूस में उमड़ा जनसैलाब, छात्रों को दी गई श्रद्धांजलि”

लखनऊ। अलीगंज स्थित एक कोचिंग सेंटर में लगी भीषण आग में असमय जान गंवाने वाले मासूम छात्रों की याद में चिनहट क्षेत्र में एक भावुक श्रद्धांजलि सभा एवं कैंडल मार्च का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, युवा, सामाजिक कार्यकर्ता और महिलाएं शामिल हुईं। सभी ने दिवंगत छात्रों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
कार्यक्रम की शुरुआत चिनहट के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में ‘मंदिर चलो अभियान’ के अंतर्गत सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ से हुई। उपस्थित लोगों ने संकटमोचन हनुमान जी से प्रार्थना करते हुए दिवंगत छात्रों की आत्मा की शांति और उनके परिजनों को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति देने की कामना की।
हनुमान चालीसा के पश्चात दर्जनों लोग हाथों में जलती मोमबत्तियां लेकर मौन कैंडल मार्च के रूप में रामलीला मैदान से गांधी चबूतरा तक पहुंचे। गांधी चबूतरा पर पहुंचकर सभी ने दो मिनट का मौन रखकर मृतक छात्रों को श्रद्धांजलि अर्पित की। लोगों ने मोमबत्तियां जलाकर और श्रद्धांजलि संदेशों वाले पोस्टर-बैनर के माध्यम से अपने दुख और संवेदनाएं व्यक्त कीं। कार्यक्रम के दौरान माहौल बेहद भावुक रहा और कई लोगों की आंखें नम हो गईं।
इस अवसर पर स्थानीय पार्षद अरुण कुमार राय ने कहा कि यह घटना अत्यंत हृदयविदारक है। उन्होंने कहा कि देश का भविष्य कहे जाने वाले इन बच्चों का इस तरह असमय चले जाना समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में पूरा समाज पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है।
श्रद्धांजलि सभा में पूर्व पार्षद स्नेह लता राय, निवर्तमान मंडल अध्यक्ष कमल पांडेय, अनिल सोनी, नरेंद्र श्रीवास्तव सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में भारी संख्या में स्थानीय माताएं-बहनें एवं युवाओं ने भाग लेकर दिवंगत छात्रों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।




