आय से अधिक संपत्ति मामले में तत्कालीन एआरटीओ ललित कुमार गिरफ्तार, सतर्कता अधिष्ठान की बड़ी कार्रवाई।

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान, लखनऊ ने आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में तत्कालीन सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) आगरा ललित कुमार को सोमवार (13 जुलाई 2026) को गिरफ्तार कर लिया।
सतर्कता अधिष्ठान द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, जांच में ललित कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 13(1)(बी) एवं 13(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की विवेचना सतर्कता अधिष्ठान, लखनऊ सेक्टर द्वारा की जा रही है।
जांच के दौरान 7 और 8 जुलाई 2026 को लखनऊ स्थित उनके आवास पर तलाशी ली गई, जिसमें भारी मात्रा में नकदी, सोने-चांदी के बिस्किट, कीमती आभूषण तथा अन्य बहुमूल्य सामान बरामद हुआ। इसके अलावा 15 संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज, दो कारें, एक रिवॉल्वर, विभिन्न बैंकों एवं डाकघर के खाते, म्यूचुअल फंड और फिक्स्ड डिपॉजिट से संबंधित अभिलेख भी मिले।
सतर्कता अधिष्ठान के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी अधिकारी से बरामद नकदी, सोने-चांदी और अन्य संपत्तियों के आय स्रोत से संबंधित दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह संतोषजनक जवाब और आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सके। विवेचना में सहयोग न करने के कारण उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।




