Welcome to The Lucknow News   Click to listen highlighted text! Welcome to The Lucknow News
यातायातयुवायूपीराजनीतिलोकल न्यूज़सामाजिक

1090 चौराहे पर भाजयुमो अध्यक्ष के शक्ति प्रदर्शन से लगा भीषण जाम, कड़ी धूप में घंटों फंसे रहे लोग!

लखनऊ। उत्तर प्रदेश भाजपा युवा मोर्चा (भाजयुमो) के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष रोहित मिश्रा के पदभार ग्रहण कार्यक्रम से पहले रविवार को राजधानी लखनऊ में बड़े शक्ति प्रदर्शन के दौरान 1090 चौराहे पर भीषण जाम लग गया। दोपहर की कड़कती धूप में आम लोग करीब एक घंटे तक जाम में फंसे रहे, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

जानकारी के अनुसार, रोहित मिश्रा के स्वागत में 1090 चौराहे से भाजपा प्रदेश कार्यालय तक लगभग तीन किलोमीटर लंबा रोड शो निकाला गया। इस दौरान करीब 50 चारपहिया वाहनों का काफिला और हजारों कार्यकर्ता मौजूद रहे। बड़ी संख्या में समर्थकों के एकत्र होने से 1090 चौराहा पूरी तरह जाम हो गया।

बताया जा रहा है कि ट्रैफिक पुलिस की ओर से पहले से कोई प्रभावी डायवर्जन प्लान लागू नहीं किया गया था। दोपहर करीब 12:15 बजे से 1:15 बजे तक चौराहे पर यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा। एंबुलेंस, ऑफिस जाने वाले कर्मचारी, छात्र और आम नागरिक भी जाम में फंसे रहे।

दोपहर करीब 1 बजे रोहित मिश्रा 1090 चौराहे पहुंचे, जहां समर्थकों ने क्रेन की मदद से उन्हें विशाल फूलों की माला पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने दोनों हाथों में तलवार लेकर समर्थकों का अभिवादन भी किया।

रोहित मिश्रा 16 दिन पहले ही उत्तर प्रदेश भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष बनाए गए हैं। इससे पहले वह युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष रह चुके हैं। प्रतापगढ़ निवासी रोहित मिश्रा छात्र राजनीति से जुड़े रहे हैं। वह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के सक्रिय कार्यकर्ता रहे हैं तथा वर्ष 2016 में इलाहाबाद विश्वविद्यालय छात्रसंघ के अध्यक्ष और 2017-18 में एबीवीपी के राष्ट्रीय मंत्री भी रह चुके हैं।

शक्ति प्रदर्शन के कारण लगे जाम को लेकर लोगों में नाराजगी भी देखने को मिली। सोशल मीडिया पर कई लोगों ने सवाल उठाया कि राजनीतिक कार्यक्रमों के दौरान आम जनता को घंटों परेशान क्यों होना पड़ता है और VIP संस्कृति से आम नागरिकों को कब राहत मिलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!