अब रेफरल के बिना नहीं मिलेगा ट्रॉमा सेंटर में इलाज, KGMU की नई नीति जल्द लागू!

लखनऊ। राजधानी के King George’s Medical University (KGMU) ट्रॉमा सेंटर में बढ़ती मरीजों की संख्या को देखते हुए प्रशासन नई रेफरल पॉलिसी लागू करने की तैयारी में है। इस नई व्यवस्था के तहत अब जिलों से आने वाले सामान्य मरीजों को सीधे भर्ती नहीं किया जाएगा, बल्कि उन्हें संबंधित अस्पताल से रेफर होकर ही आना होगा।
जानकारी के अनुसार, ट्रॉमा सेंटर में रोजाना 250 से अधिक मरीज पहुंच रहे हैं, जिनमें से करीब 100 मरीजों को भर्ती करना पड़ता है। ऐसे में गंभीर मरीजों को तत्काल इलाज उपलब्ध कराने में दिक्कतें सामने आ रही हैं। इसी समस्या के समाधान के लिए यह नई नीति लागू की जा रही है।
नई व्यवस्था स्टेमी प्रोग्राम की तर्ज पर तैयार की जा रही है, जिसमें ऑन-कॉल सुविधा और बेड की उपलब्धता के आधार पर ही मरीजों को ट्रॉमा सेंटर बुलाया जाएगा। इससे गंभीर हालत वाले मरीजों को प्राथमिकता के आधार पर तुरंत उपचार मिल सकेगा।
इस नीति को लागू करने से पहले KGMU प्रशासन जल्द ही विभिन्न जिलों के अस्पताल अधिकारियों के साथ बैठक करेगा, ताकि रेफरल सिस्टम को प्रभावी तरीके से लागू किया जा सके।
प्रशासन का मानना है कि इस नई व्यवस्था से ट्रॉमा सेंटर में भीड़ नियंत्रित होगी और आपातकालीन मरीजों को बेहतर और समय पर इलाज मिल पाएगा।




