युवायूपीराजनीतिसामाजिक

संविधान दिवस पर डॉ. अंबेडकर सामाजिक एकता मंच ने किया भव्य आयोजन, संविधान के मूल्यों को अपनाने का लिया संकल्प।

राजधानी लखनऊ में डॉ. अंबेडकर सामाजिक एकता मंच की ओर से संविधान दिवस के अवसर पर भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी वीरेंद्र कुमार ने संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण कर किया।

समारोह को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी वीरेंद्र कुमार ने भारतीय संविधान के निर्माण और उसके ऐतिहासिक महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान के निर्माण में 2 वर्ष, 11 माह और 18 दिन का समय लगा था। 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने इसे अंगीकृत किया था, जिसकी स्मृति में प्रतिवर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है। वहीं, 26 जनवरी 1950 को संविधान लागू हुआ और भारत गणराज्य बना।

उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान किसी एक जाति, धर्म, वर्ग या समुदाय का नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक का संविधान है। यह सभी को समानता, स्वतंत्रता, धार्मिक स्वतंत्रता तथा शिक्षा एवं संस्कृति के अधिकार प्रदान करता है। संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के आदर्शों को अपनाकर ही एक मजबूत और समरस समाज का निर्माण किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर का सपना था कि समाज में किसी भी व्यक्ति के साथ जाति, धर्म, लिंग अथवा आर्थिक स्थिति के आधार पर भेदभाव न हो।

इस अवसर पर संगठन के राष्ट्रीय महामंत्री सूरज कुमार गौतम ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने लोगों को संविधान द्वारा प्रदत्त मौलिक अधिकारों के साथ-साथ नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया और सभी से संविधान के आदर्शों एवं मूल्यों का पालन करने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से भारतीय संविधान की उद्देशिका (प्रस्तावना) का वाचन किया और संविधान के मूल्यों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।

समारोह में सोनू कुमार, सुमित रावत, तकी अहमद लाडले, मुन्नी देवी, गरिमा, ज्ञानवती, संजीता, अर्पिता, राज गौतम सहित संगठन के पदाधिकारी, स्थानीय नागरिक और समाज के अनेक लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!