गोमतीनगर विस्तार पुलिस ने अवैध पिस्टल और कारतूस के साथ युवक को दबोचा!

लखनऊ। गोमतीनगर विस्तार थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक युवक को अवैध .32 बोर पिस्टल, मैगजीन और चार जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान विवेक कुमार चौहान (करीब 28 वर्ष) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 27 अगस्त 2026 को सेक्टर-1 क्षेत्र में रात्रि गश्त, तलाश वांछित अपराधी और संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान जनेश्वर गेट नंबर-7 के पास मुखबिर ने सूचना दी कि शहीद पथ किनारे सीएमएस तिराहे से पहले कुछ लोग आपस में लड़ाई-झगड़ा कर रहे हैं।
सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार सड़क किनारे खड़ी मिली और उसके पास कुछ लोग विवाद कर रहे थे। पुलिस ने सभी को रोककर पूछताछ और तलाशी ली। तलाशी के दौरान विवेक कुमार चौहान के कब्जे से एक अवैध .32 बोर पिस्टल, एक मैगजीन और चार जिंदा कारतूस बरामद हुए।
मामले में उपनिरीक्षक उपेंद्र गिरि की तहरीर के आधार पर गोमतीनगर विस्तार थाने में मुकदमा संख्या 155/2026, धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत विवेक कुमार चौहान के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी को 27 अगस्त को करीब 3:35 बजे शहीद पथ किनारे सीएमएस तिराहे के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी गोसाईंगंज थाना क्षेत्र के सदरपुर करौरा का निवासी है। उसके कब्जे से बरामदगी में एक अवैध .32 बोर पिस्टल, मैगजीन और चार जिंदा कारतूस शामिल हैं।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक उपेंद्र गिरि, उपनिरीक्षक संदीप कुमार, उपनिरीक्षक राजेंद्र तिवारी, उपनिरीक्षक उमंग कसौधन, उपनिरीक्षक अंकित कुमार, हेड कांस्टेबल मुकेश कुमार यादव और कांस्टेबल अनुराग यादव शामिल रहे।




