पिस्टल दिखाकर रुपये लूटने वाले आरोपी को 24 घंटे में पुलिस ने दबोचा, ₹90,200 बरामद!

लखनऊ। वजीरगंज थाना क्षेत्र में पिस्टल दिखाकर रुपये लूटने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से ₹90,200 नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, 15 अगस्त 2026 को खोखी टोला, अकबरी गेट निवासी मो. मोहसिन ने थाना वजीरगंज में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि शावेज, अरशद, साद कुरैशी, कैफ और सलमान ने उसे पिस्टल दिखाकर डराया-धमकाया और रुपये ले लिए। आरोपियों पर मारपीट, गाली-गलौज और जान-माल की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया।
तहरीर के आधार पर थाना वजीरगंज में मु0अ0सं0-208/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की।
पुलिस टीम ने 16 अगस्त 2026 को नामित आरोपी सलमान पुत्र इलियास, उम्र करीब 33 वर्ष, को उसके निवास स्थान के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से 90,200 रुपये नकद बरामद हुए।
पूछताछ में क्या बताया
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी सलमान ने बताया कि वह अपने साथियों के कहने पर उनके साथ गया था और उससे गलती हो गई। मामले में अन्य नामित आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
गिरफ्तार करने वाली टीम
वजीरगंज पुलिस की टीम में प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार त्रिपाठी, उपनिरीक्षक मोनेश कुमार, उपनिरीक्षक हैप्पी दिवाकर और कांस्टेबल प्रेमचन्द्र शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।




