नगराम पुलिस ने 78.330 किलो गांजा के साथ दो तस्करों को किया गिरफ्तार!

लखनऊ। नगराम थाना पुलिस ने अंतरजनपदीय गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो कथित शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 78.330 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 16 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक ईको स्पोर्ट कार, दो आईफोन और 12,500 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई 13 अगस्त 2026 को नगराम-गंगागंज मार्ग स्थित हुसैनाबाद तिराहे पर चेकिंग के दौरान की गई। चेकिंग के दौरान पुलिस ने काले रंग की ईको स्पोर्ट कार को रोककर तलाशी ली। वाहन में सवार दो लोगों की पहचान प्रिंस जायसवाल (25) निवासी ग्राम समेसी, थाना नगराम और अभिजीत पटेल उर्फ सेना (26) निवासी भाटन टोला, कस्बा व थाना नगराम के रूप में हुई।
वाहन की तलाशी लेने पर छह बोरियों में कुल 78.330 किलो गांजा बरामद हुआ। इसके साथ ही दोनों आरोपियों के पास से 12,500 रुपये नकद और दो आईफोन भी मिले। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर थाना नगराम में मु0अ0सं0 122/2026, धारा 8/20/60 NDPS Act के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
बहराइच से गांजा लाकर कई जिलों में सप्लाई का दावा
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि उनका एक गैंग है, जो बहराइच से गांजा लाकर लखनऊ, रायबरेली, बाराबंकी और आसपास के अन्य जिलों में सप्लाई करता है। आरोपियों के अनुसार, इस अवैध कारोबार से उन्हें मोटा मुनाफा होता था और कमाई को आपस में बांटकर खर्च किया जाता था।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी प्रिंस जायसवाल ने कथित तौर पर बताया कि उसने ईको स्पोर्ट कार गांजा तस्करी के लिए खरीदी थी और इसी वाहन से गांजा लाकर सप्लाई करता था। पुलिस अब गैंग से जुड़े अन्य लोगों और गांजे की सप्लाई के नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है।
दो आईफोन भी बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो आईफोन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 2.30 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने इन मोबाइल फोन को गांजा तस्करी से अर्जित रकम से खरीदने की बात बताई है।
दोनों गिरफ्तार आरोपियों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
कार्रवाई में थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह, उपनिरीक्षक दिनेश कुमार पाठक, ऋषभ पाण्डेय, संदीप कुमार और राकेश कुमार मिश्रा के साथ कांस्टेबल अखिलेश उपाध्याय, सुरजीत वर्मा और पवन कुमार यादव शामिल रहे।
पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई को गांजा तस्करी के नेटवर्क के खिलाफ महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है। अब पुलिस बरामद गांजे के स्रोत और इसकी सप्लाई लेने वाले संभावित अन्य आरोपियों की जानकारी जुटाने में लगी है।




