
लखनऊ: राजधानी के खदरा स्थित बड़ा उदासीन अखाड़ा के मुख्य मार्ग पर कथित अतिक्रमण को लेकर संत समाज और स्थानीय लोगों में नाराज़गी बढ़ती जा रही है। अखाड़े के मार्ग के चौड़ीकरण और 100 मीटर से अधिक क्षेत्र में बताए जा रहे अतिक्रमण को तत्काल हटाने की मांग को लेकर क्षेत्र की जनता और प्रभु श्रीराम के भक्तों ने पैदल मार्च निकाला।
मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मांग की कि अखाड़े तक जाने वाले मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए। उनका कहना है कि यह अतिक्रमण न केवल श्रद्धालुओं की आवाजाही में बाधा बन रहा है, बल्कि अखाड़े की गरिमा और सुरक्षा के लिए भी चिंता का विषय है।
बड़ा उदासीन अखाड़ा के महंत श्री धर्मेंद्र दास ने कहा कि इस मुद्दे से प्रशासन और सरकार को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने जल्द इस मामले का संज्ञान लेकर अतिक्रमण नहीं हटाया, तो क्षेत्र की जनता और संत समाज अपने अधिकारों की रक्षा के लिए सड़क पर उतरने को मजबूर होगा।
पैदल मार्च के दौरान लोगों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी कि समस्या का समाधान नहीं होने पर आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।




