गोमतीनगर पुलिस ने नाबालिग को भगाने वाले आरोपी को किया गिरफ्तार, किशोरी सकुशल बरामद!

लखनऊ। गोमतीनगर थाना पुलिस ने नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही अपहृत किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार 14 जून 2026 को पीड़ित पिता ने थाना गोमतीनगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग पुत्री को मोहम्मद हन्जला नामक युवक बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। शिकायत के आधार पर थाना गोमतीनगर में मुकदमा संख्या 234/2026 धारा 137(2)/87 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया और विवेचना उपनिरीक्षक अशोक कुमार यादव को सौंपी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम लगातार किशोरी की तलाश में जुटी हुई थी। इसी क्रम में बुधवार को मुखबिर की सूचना पर थाना गोमतीनगर पुलिस ने दयाल चौराहे के पास से आरोपी मोहम्मद हन्जला (21 वर्ष) पुत्र मोहम्मद नफीस निवासी समनान गार्डेन, बालागंज, थाना ठाकुरगंज को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से नाबालिग किशोरी को भी सकुशल बरामद कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अशोक कुमार यादव, कांस्टेबल पंकज कुमार एवं महिला कांस्टेबल टीना रानी शामिल रहीं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नाबालिगों से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई की जा रही है तथा ऐसे अपराधों में दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।




