Welcome to The Lucknow News   Click to listen highlighted text! Welcome to The Lucknow News
युवायूपीराज्यलोकल न्यूज़सामाजिक

बड़े मंगल पर “क्लाइमेट पर चर्चा” का “विशाल ईको भंडारा”, भोजन के साथ पौधे और सीड बॉल्स वितरित!

हज़रतगंज मल्टी लेवल पार्किंग में आयोजित कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश, विभिन्न समुदायों के युवाओं ने मिलकर पेश की गंगा-जमुनी तहज़ीब की मिसाल!

लखनऊ। बड़े मंगल के पावन अवसर पर राजधानी लखनऊ के हज़रतगंज स्थित मल्टी लेवल पार्किंग परिसर में “क्लाइमेट पर चर्चा” के तत्वावधान में तृतीय विशाल ईको भंडारा 2026 का आयोजन किया गया। युवाओं द्वारा आयोजित यह अनूठी पहल समाज सेवा और पर्यावरण संरक्षण का सुंदर संगम बनकर उभरी।

भंडारे में श्रद्धालुओं और राहगीरों को भोजन वितरण के साथ-साथ पौधों का वितरण भी किया गया। इसके अतिरिक्त लोगों को उपहार स्वरूप सीड बॉल्स भेंट की गईं, ताकि पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. दिनेश शर्मा उपस्थित रहे। वहीं पूर्व दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री सुधाकर त्रिपाठी तथा समाजसेवी ललित श्रीवास्तव की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन की शोभा बढ़ाई।

आयोजकों ने बताया कि उनकी युवा टीम प्रत्येक बड़े मंगल पर कुछ नया और प्रेरणादायक करने का प्रयास करती है। पिछले वर्ष बड़े मंगल के अवसर पर उन्होंने “हाइड्रेशन सेवा भंडारा” आयोजित कर लोगों को भीषण गर्मी और हीटवेव से बचाव के प्रति जागरूक किया था। इस वर्ष पर्यावरण संरक्षण को केंद्र में रखकर ईको भंडारे का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की एक विशेषता यह भी रही कि गंगा-जमुनी तहज़ीब की मिसाल पेश करते हुए विभिन्न समुदायों के युवाओं ने मिलकर इस आयोजन को सफल बनाया। युवाओं की इस पहल को उपस्थित लोगों ने सराहा और इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।

इस आयोजन में सारथी फाउंडेशन, आश्रय फाउंडेशन एवं अग्रसर फाउंडेशन का विशेष सहयोग रहा। वहीं आयोजक वशिष्ठ श्रीवास्तव, आशुतोष तिवारी, शिवा, साराह, तरनप्रीत, आराध्य, सुशांत, काजल, पूजा तथा सीपीसी की संपूर्ण युवा टीम का योगदान सराहनीय रहा।

पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सेवा के इस अनूठे संगम ने बड़े मंगल के पर्व को एक नई दिशा देने का कार्य किया तथा समाज में सकारात्मक संदेश प्रसारित किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!