एसआर इंटरनेशनल स्कूल का शानदार प्रदर्शन, ICSE बोर्ड में 100% रिजल्ट, यश दीक्षित बने टॉपर!

लखनऊ, 30 अप्रैल 2026 आईसीएसई बोर्ड परीक्षा परिणाम घोषित होते ही एसआर इंटरनेशनल स्कूल एंड स्पोर्ट्स अकादमी में खुशी का माहौल छा गया। विद्यालय ने एक बार फिर शैक्षणिक उत्कृष्टता की परंपरा को मजबूत करते हुए इस वर्ष 100% परिणाम दर्ज किया है।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। इस बार बड़ी संख्या में छात्रों ने 80 से 90 प्रतिशत के बीच अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जिससे स्कूल की शैक्षणिक गुणवत्ता का स्तर स्पष्ट होता है।
इस वर्ष यश दीक्षित ने 97% अंक हासिल कर विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया। उनके बाद शौर्य प्रताप सिंह (95%), रक्षिता रत्नाकर (94.4%), काव्या सिंह (92%), अक्षत मुकेश सिंह (92%) और वंश गोयल (90%) ने भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए स्कूल का नाम रोशन किया।
विषयवार परिणाम भी बेहद शानदार रहे। कई छात्रों ने हिंदी, इतिहास एवं नागरिक शास्त्र, शारीरिक शिक्षा और जीवविज्ञान में 100 में 100 अंक प्राप्त किए। वहीं अन्य विषयों में भी बड़ी संख्या में छात्रों ने 95% से अधिक अंक हासिल किए।
इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन एवं एमएलसी (सीतापुर) पवन सिंह चौहान, उपाध्यक्ष पियूष सिंह और वाइस चेयरपर्सन सुष्मिता सिंह ने सभी छात्रों को बधाई दी। उन्होंने इस सफलता का श्रेय छात्रों की मेहनत, शिक्षकों के समर्पण और अभिभावकों के सहयोग को दिया।
कार्यकारी निदेशक मोनिका तिवारी ने कहा कि ये परिणाम केवल अंक नहीं, बल्कि छात्रों के आत्मविश्वास, मेहनत और मजबूत चरित्र का प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि संस्थान का उद्देश्य विद्यार्थियों को न केवल शिक्षा बल्कि जीवन मूल्यों के साथ आगे बढ़ाना है।
विद्यालय प्रबंधन ने शिक्षकों और अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही यह उपलब्धि संभव हो सकी है। स्कूल ने भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट परिणाम देने और जिम्मेदार नागरिक तैयार करने का संकल्प दोहराया है।




