कुर्सी रोड महायोजना पर व्यापारियों का विरोध तेज, राजनाथ सिंह से मिलकर करेंगे पुनर्विचार की मांग!
कुर्सी रोड महायोजना को लेकर रक्षामंत्री से मिलेंगे व्यापारी।

लखनऊ। कुर्सी रोड के व्यापारियों, उद्यमियों, शिक्षण संस्थानों व धार्मिक स्थलों के प्रतिनिधियों एवं भवन स्वामियों ने आज यहां बैठक कर कुर्सी रोड महायोजना-2031 के पुर्नर्विचार की मांग को लेकर केन्द्रीय रक्षामंत्री व शहर के सांसद श्री राजनाथ सिंह से मुलाकात करने का निर्णय लिया है। इसके लिये मुलाकात करने के लिये अतिशीघ्र प्रतिनिधि मण्डल का गठन किया जायेगा। आज यहां कुर्सी रोड स्थित एसएस गै्रण्ड होटल में हुयी बैठक में अंजनी पांडे, राष्ट्रीय अध्यक्ष, संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल, कमलेश यादव, राष्ट्रीय अध्यक्ष, श्रमिक जनशक्ति किसान यूनियन, ऋषि त्रिवेदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष, अखण्ड आर्यावर्त आर्य महासभा, चन्द्रमौलि शुक्ला, पंकज तिवारी, अध्यक्ष जनविकास महासभा सहित उद्यमियों आराधना कुमार, मोहम्मद सलीम सहित काफी संख्या व्यापारी, शिक्षण संस्थानों, धार्मिक स्थलों के प्रतिनिधि व भवन स्वामी मौजूद थे। बैठक में कुर्सीरोड महायोजना-2031 को हजारों लोगों की रोजी-रोटी छिनने वाला बताते हुये कहा गया कि इस महायोजना-2031 को हर हाल में रोकने के लिये हर संभव प्रयास किये जायेगें और इसके लिये व्यापारियों व उ़द्यमियों का एक प्रतिनिधि मण्डल लखनऊ या दिल्ली स्थित आवास पर केन्द्रीय रक्षामंत्री एवं लखनऊ के सांसद श्री राजनाथ सिंह से मुलाकात इस मामले हस्तक्षेप की मांग करेंगे। मालूम हो कि इस महायोजना के अन्तर्गत कुर्सी रोड के चौड़ीकरण के अन्तर्गत टेढ़ी पुलिया से सिकन्दरपुर चौराहे तक 45 मीटर, सिकन्दरपुर चौराहे से कॉरपोरेशन बैंक, मिश्रपुर तक 80 मीटर और कॉरपोरेशन बैंक से बसहा तक 150 मीटर तथा बसहा से बेहटा तक 100 मीटर रोड चौड़ी करने का प्रस्ताव है, जिसके लागू होने से हजारों व्यापारी, गृह स्वामी, मल्टी स्टोरी, होटल, छात्रावास, धार्मिक स्थल पूर्णतः ध्वस्त होने की कगार पर है, जिससे लोगों की न सिर्फ पूरे जीवन की कमाई दांव पर लगी है बल्कि हजारों परिवारों के सामने जीवनयापन पर संकट खड़ा हो जायेगा।



