
गुजरात के गोधरा शहर के इतिहास में पहली बार किसी मुस्लिम इलाके में हिंदू महिला ने विजय प्राप्त की है। आजादी के बाद गोधरा शहर में बार-बार सांप्रदायिक दंगे होते थे और यह दंगे सन 2002 तक लगातार चले आ रहे थे। वार्ड नंबर 7 पूरा मुस्लिम इलाका है, वहां एक भी मतदाता हिंदू नहीं है लेकिन इसके बाद भी इस इलाके में एक सोनी समाज की हिंदू महिला ने चुनाव जीत कर एक रिकॉर्ड बनाया है। अपेक्षा सोनी ने वार्ड नंबर 7 से जीत हासिल की है। अपेक्षा सोनी का यह मानना है कि गोधरा में कई बार दंगे हुए लेकिन इस बार मुस्लिम समाज ने मुझ पर भरोसा करके मुझे चुनाव जितवा के अब एक कौमी एकता की मिसाल कायम की है, जो एक सराहनीय काम है। जिन लोगों ने मुझे वोट देकर मुझ पर विश्वास रखा है मैं जरूर उनके इलाकों में जो भी प्राथमिक दिक्कतें होगी, उन्हें पूरा करने की जिम्मेवारी निष्ठा से निभाऊंगी।




