इंदिरानगर में बंद मकानों में चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा, 6 गिरफ्तार!

लखनऊ। इंदिरानगर थाना पुलिस ने दिनदहाड़े बंद मकानों में चोरी करने वाले एक गिरोह का खुलासा करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में पांच चोरी करने वाले और एक चोरी का माल खरीदने वाला ज्वैलर्स शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान, नकदी, आभूषण और वारदात में प्रयुक्त वाहन व औजार बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार इंदिरानगर क्षेत्र में 9 जून, 14 जून, 31 जुलाई और 14 अगस्त 2026 को दिन के समय बंद मकानों में ताला तोड़कर चोरी की घटनाएं हुई थीं। इन मामलों में थाना इंदिरानगर पर संबंधित धाराओं में मुकदमे दर्ज किए गए थे। लगातार हो रही घटनाओं के खुलासे के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया था।
पुलिस ने ऐसे पकड़ा गिरोह
पुलिस के मुताबिक 15 अगस्त 2026 को बादशाहखेड़ा नहर के किनारे पुल के पास चोरी की घटनाओं में शामिल संदिग्धों के मौजूद होने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और पूछताछ के बाद अर्जुन पाण्डेय उर्फ ईशु पाण्डेय, मोहम्मद सिराज उर्फ राजू, बबलू उर्फ मनोज, अरविन्द यादव उर्फ धरविन्द्र यादव और अखिलेश कुमार गौतम को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का माल, आला नकब और घटना में प्रयुक्त वाहन बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार पूछताछ में यह भी सामने आया कि चोरी के आभूषणों में से कुछ सामान दुर्गा शंकर वर्मा को बेचा गया था। पुलिस ने चोरी का माल खरीदने के आरोप में उसे भी गिरफ्तार किया।
चार चोरी की घटनाओं का खुलासा
पुलिस के मुताबिक गिरोह बंद मकानों की रेकी करता था। दिन के समय मकान के आसपास लोगों की मौजूदगी न होने पर ताला तोड़कर चोरी की जाती थी। चोरी किए गए आभूषण और अन्य सामान को आपस में बांटकर तथा आगे बेचकर रकम हासिल की जाती थी।
जांच में 9 जून को वादी यशवन्त सिंह, 14 जून को सुमित चौहान, 31 जुलाई को श्रीमती ज्योति सिंह और 14 अगस्त को विशाल शुक्ला के मकान में हुई चोरी की घटनाओं का खुलासा होने का पुलिस ने दावा किया है।
लाखों की कीमत के आभूषण और नकदी बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 01 अदद चैन पीली धातु, 02 अदद टॉप्स पीली धातु, 05 जोड़ी पायल सफेद धातु, 05 अदद सिक्के सफेद धातु, 01 अदद टूटा हुआ लॉकेट पीली धातु, 01 अदद अंगूठी पीली धातु और ₹52,400 नकद बरामद किए हैं।
इसके अलावा चोरी की घटनाओं में इस्तेमाल होंडा ओरा कार संख्या UP32TN 9116 और हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल संख्या UP32RS 6678 भी पुलिस ने बरामद की है। आरोपियों के पास से छेनी, प्लास, सब्बल, हथौड़ी और कुल्हाड़ी आदि आला नकब भी बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में कुछ के खिलाफ इंदिरानगर सहित अन्य थानों में पहले से मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने उनके आपराधिक इतिहास का विवरण भी जारी किया है और संबंधित मामलों की जांच जारी है।
पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है। मामले में चोरी का माल खरीदने वाले ज्वैलर्स की भूमिका की भी जांच की जा रही है।




