Welcome to The Lucknow News   Click to listen highlighted text! Welcome to The Lucknow News
क्राइमयूपीलोकल न्यूज़सामाजिक

कैसरबाग पुलिस ने सेल्समैन से चोरी का किया खुलासा, 148 सिगरेट की डिब्बियां और नकदी बरामद!

लखनऊ। कैसरबाग थाना पुलिस ने सेल्समैन का सामान चोरी करने के मामले का खुलासा करते हुए एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से चोरी की 148 सिगरेट की डिब्बियां, ₹3,970 नकद, दो मोबाइल फोन और दो स्कूटी समेत कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं।

पुलिस के मुताबिक, 14 अगस्त 2026 को संदीप अग्रवाल की ओर से थाना कैसरबाग में तहरीर दी गई थी। तहरीर में बताया गया था कि इंदिरागांधी आई हॉस्पिटल के पास एक सेल्समैन से करीब ₹49 हजार कीमत की सिगरेट की डिब्बियां और ₹59 हजार नकद चोरी कर लिया गया। मामले में थाना कैसरबाग में मुकदमा संख्या 142/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था।

मुखबिर की सूचना पर दबोचा गया अभियुक्त

घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम लगातार सुरागरसी और संदिग्धों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान 15 अगस्त को पुलिस को सूचना मिली कि घटना में शामिल अभियुक्त मुजम्मिल स्कूटी से बीएन रोड की तरफ आने वाला है।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बालाकदर रोड से आने वाले बीएन रोड पर घेराबंदी की। कुछ देर बाद एक संदिग्ध स्कूटी से आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने भागने की कोशिश की, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मुजम्मिल पुत्र मोमीन चौधरी, उम्र करीब 41 वर्ष बताया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में उसने अपने दो साथियों शमशाद अहमद और शहबाज के साथ मिलकर इंदिरागांधी आई हॉस्पिटल के गेट के पास सेल्समैन का सामान चोरी करने की बात स्वीकार की।

चोरी का सामान तीनों ने आपस में बांटा

पुलिस के मुताबिक, अभियुक्त ने बताया कि तीनों आरोपी दो स्कूटियों से मौके पर पहुंचे थे और चोरी के बाद सामान आपस में बांट लिया था। चोरी की कुछ सिगरेट राह चलते बेच दी गईं, जबकि बाकी सिगरेट उसके पास बची हुई थीं।

पुलिस ने तलाशी के दौरान एक स्कूटी की सीट के अंदर नीले रंग के झोले से 94 सिगरेट की डिब्बियां बरामद कीं। दूसरी स्कूटी की डिग्गी से 54 डिब्बियां मिलीं। इस तरह कुल 148 सिगरेट की डिब्बियां बरामद हुईं।

इसके अलावा आरोपी के पास से ₹3,970 नकद और दो वीवो मोबाइल फोन भी बरामद हुए। पुलिस ने दो स्कूटियों के साथ आधार कार्ड, पैन कार्ड और केनरा बैंक रुपे डेबिट/प्रीपेड कार्ड भी बरामद किया है।

मुकदमे में बढ़ाई गई धारा

बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस ने आरोपी को उसके खिलाफ दर्ज मुकदमे और गिरफ्तारी के कारण से अवगत कराते हुए नियमानुसार गिरफ्तार किया। आरोपी को रिमांड के लिए न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार मुजम्मिल के खिलाफ गाजियाबाद के साहिबाबाद थाने में वर्ष 2016 में आयुध अधिनियम और चोरी से संबंधित धाराओं में दो मुकदमे दर्ज हैं।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक योगेश चन्देल, उपनिरीक्षक रणजीत सिंह, उपनिरीक्षक विशाल सिंह और कांस्टेबल कुलदीप राठौर शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!