Welcome to The Lucknow News   Click to listen highlighted text! Welcome to The Lucknow News
क्राइमयुवायूपीलोकल न्यूज़सामाजिक

लखनऊ: बंद मकानों को निशाना बनाने वाले 3 शातिर चोर गिरफ्तार, जेवरात-नकदी समेत चोरी का माल बरामद!

गोमतीनगर विस्तार पुलिस की बड़ी कार्रवाई, वारदात में इस्तेमाल अपाचे बाइक भी बरामद!

लखनऊ। गोमतीनगर विस्तार थाना पुलिस ने बंद पड़े मकानों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले तीन कथित शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी के जेवरात, नकदी, बिजली के तार समेत करीब 2.6 किलोग्राम तार और वारदात में इस्तेमाल की गई अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार, 29 जुलाई 2026 की रात विज्ञानखंड, गोमतीनगर विस्तार स्थित एक मकान की खिड़की तोड़कर जेवरात और नकदी चोरी की गई थी। इस मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। इसके अलावा 15 जून 2026 को सेक्टर-5 गोमतीनगर विस्तार में एक बंद मकान का ताला तोड़कर वायरिंग का तार चोरी किए जाने का मामला भी दर्ज हुआ था।

इसी क्रम में 8 अगस्त 2026 की रात विनीतखंड, गोमतीनगर में एक मकान से लैपटॉप, चार्जर, बैग, चांदी की मूर्ति और नकदी चोरी होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने इस मामले में भी मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

ईदगाह के पास से गिरफ्तारी

पुलिस के मुताबिक विवेचना और सुरागरसी के दौरान तीन आरोपियों के नाम प्रकाश में आए। इसके बाद 10 अगस्त 2026 की रात करीब 1:40 बजे सेक्टर-4 स्थित ईदगाह के पास, थाना गोमतीनगर विस्तार क्षेत्र से मोनू गौतम, रामदयाल साहनी और विशाल रावत को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने पीली धातु के कंगन, मंगलसूत्र के लॉकेट, चांदी की पायल व अन्य सामान, करीब 2.6 किलोग्राम विभिन्न रंगों के तार, 8,100 रुपये नकद तथा वारदात में प्रयुक्त नीले रंग की अपाचे मोटरसाइकिल (UP32LJ9318) बरामद करने का दावा किया है।

आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया

पुलिस प्रेस नोट के अनुसार गिरफ्तार आरोपी मोनू गौतम के खिलाफ वर्ष 2017 में आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज रहा है। वहीं विशाल रावत के खिलाफ गोसाईंगंज, लखनऊ और बाराबंकी के विभिन्न थानों में चोरी, धोखाधड़ी, माल बरामदगी से संबंधित धाराओं समेत कई मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।

पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में थाना गोमतीनगर विस्तार की पुलिस टीम के कई अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका रही।

पुलिस के अनुसार, कार्रवाई का उद्देश्य बंद मकानों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले गिरोह पर प्रभावी अंकुश लगाना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!