Welcome to The Lucknow News   Click to listen highlighted text! Welcome to The Lucknow News
खेलयुवायूपीराज्यलोकल न्यूज़शिक्षा

एस.आर. ग्लोबल स्कूल में ‘स्विम स्ट्रोक 2026’ का भव्य समापन, उभरते तैराकों ने दिखाया दम

दो दिवसीय इंटर-स्कूल प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर जीते मेडल, विजेताओं को किया गया सम्मानित

लखनऊ। बीकेटी स्थित एस.आर. ग्लोबल स्कूल में आयोजित दो दिवसीय ‘इंटर-स्कूल स्विम स्ट्रोक 2026’ प्रतियोगिता का रविवार को रंगारंग समापन हो गया। प्रतियोगिता के दूसरे दिन भी खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली, जहां फ्री-स्टाइल, ब्रेस्ट स्ट्रोक, बैक स्ट्रोक और बटरफ्लाई जैसी स्पर्धाओं में प्रतिभागियों ने बेहतरीन प्रदर्शन कर दर्शकों का उत्साह बढ़ाया।

समापन समारोह में संस्था के चेयरमैन एवं सदस्य विधान परिषद पवन सिंह चौहान ने विजेताओं को मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन पूरी तरह निशुल्क रखा गया, ताकि अधिक से अधिक प्रतिभाशाली बच्चों को अपनी क्षमता दिखाने का मंच मिल सके। वहीं वाइस चेयरमैन पीयूष चौहान और वाइस चेयरपर्सन सुष्मिता चौहान ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

प्रतियोगिता के दूसरे दिन विभिन्न आयु वर्गों में आयोजित रेसों में शहर के कई प्रतिष्ठित स्कूलों के खिलाड़ियों ने भाग लिया और अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। रिले इवेंट्स में CMS राजेंद्र नगर और CMS कानपुर रोड की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया।

फ्री-स्टाइल, ब्रेस्ट स्ट्रोक, बैक स्ट्रोक और बटरफ्लाई स्पर्धाओं में अंडर-11 से अंडर-17 वर्ग तक खिलाड़ियों ने बेहतरीन टाइमिंग के साथ पदक जीते। कई स्पर्धाओं में कड़ा मुकाबला देखने को मिला, जहां कुछ इवेंट्स में संयुक्त रूप से भी खिलाड़ियों को स्थान दिया गया।

प्रतियोगिता के समापन पर चेयरमैन पवन सिंह चौहान ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य लखनऊ के प्रतिभावान बच्चों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं का अनुभव देना है। उन्होंने विश्वास जताया कि यहां से निकलने वाले खिलाड़ी भविष्य में ओलंपिक और अन्य वैश्विक प्रतियोगिताओं में देश का नाम रोशन करेंगे।

कार्यक्रम का समापन उत्साह और उमंग के साथ हुआ, जिसमें खिलाड़ियों, अभिभावकों और आयोजकों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!