आईवीएफ का यूपी में बड़ा सदस्यता अभियान शुरू, 25 लाख ‘वैश्य मित्र’ बनाने का लक्ष्य: डॉ. नीरज बोरा

लखनऊ। इंटरनेशनल वैश्य फेडरेशन (आईवीएफ) ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश में व्यापक सदस्यता अभियान की शुरुआत की। संगठन ने प्रदेश के लगभग 25 लाख वैश्य परिवारों को नि:शुल्क प्राथमिक सदस्यता से जोड़ने का लक्ष्य तय किया है। यह जानकारी संगठन के प्रदेश अध्यक्ष एवं लखनऊ उत्तर के विधायक डॉ. नीरज बोरा ने प्रेस वार्ता में दी।
डॉ. बोरा ने कहा कि लोकतंत्र में संख्या बल का विशेष महत्व होता है और वैश्य समाज की बड़ी आबादी को एक मंच पर संगठित करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि ‘वैश्य मित्र’ सदस्यता अभियान के माध्यम से समाज को एक सशक्त पहचान और एकजुटता मिलेगी, जिससे सामाजिक, आर्थिक और शैक्षिक क्षेत्रों में नई संभावनाएं विकसित होंगी।

उन्होंने बताया कि यह सदस्यता अभियान पूरी तरह डिजिटल माध्यम से संचालित होगा। इच्छुक लोग निर्धारित लिंक के जरिए ऑनलाइन पंजीकरण कर सकेंगे, जिसके बाद उन्हें डिजिटल सदस्यता आईडी प्रदान की जाएगी। इस प्रक्रिया से पारदर्शिता, सुगमता और व्यापक भागीदारी सुनिश्चित होगी।
डॉ. बोरा ने आगे कहा कि यह अभियान केवल सदस्यता तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसके जरिए युवाओं को रोजगार एवं व्यवसाय में सहयोग, शिक्षा और स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराना, जरूरतमंदों की सहायता करना और समाज के भीतर एक मजबूत नेटवर्क तैयार करना भी प्रमुख उद्देश्य है।

उन्होंने प्रदेश के सभी जिलों, नगरों और गांवों में कार्यकर्ताओं से इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए अधिक से अधिक परिवारों को जोड़कर इसे जनआंदोलन का रूप देने की अपील की। उन्होंने विश्वास जताया कि इस पहल से वैश्य समाज की एकता और मजबूत होगी तथा समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी।
इस अवसर पर संगठन के प्रदेश महामंत्री डॉ. अजय गुप्ता, डॉ. अनिल गुप्ता, युवा इकाई के प्रदेश अध्यक्ष अमित वार्ष्णेय, प्रदेश महामंत्री अनुराग साह, महानगर अध्यक्ष सुनील अग्रवाल, महिला इकाई अध्यक्ष रुपाली अग्रवाल, युवा इकाई महानगर अध्यक्ष प्रियंक गुप्ता, अल्पना गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं मध्य प्रदेश के पूर्व राज्यपाल रहे रामप्रकाश गुप्ता की पुण्यतिथि पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई।




