कमता तिराहा पर नया ट्रैफिक प्लान लागू, डायवर्जन से सुधरेगी आवाजाही!

लखनऊ। राजधानी में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए कमता चौराहा एवं इसके आसपास सुगम और सुदृढ़ यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए नया ट्रैफिक डायवर्जन प्लान लागू किया गया है। यह व्यवस्था विशेष रूप से कमता तिराहा, चिनहट, पॉलीटेक्निक और शहीद पथ से आने-जाने वाले वाहनों के लिए बनाई गई है।
जारी ट्रैफिक प्लान के अनुसार, पॉलीटेक्निक की ओर से आने वाले वाहन सीधे कमता चौराहे की ओर बढ़ेंगे, जबकि चिनहट की ओर से आने वाले वाहनों के लिए डायवर्जन निर्धारित किया गया है। चौराहे पर भीड़ कम करने के लिए कुछ स्थानों पर बैरिकेडिंग लगाई गई है, जिससे सीधे क्रॉस मूवमेंट को नियंत्रित किया जा सके।
योजना के तहत शहीद पथ की ओर से आने वाले वाहन सर्विस रोड के जरिए आगे बढ़ेंगे और अंडरपास का उपयोग करते हुए निर्धारित यू-टर्न प्वाइंट से अपनी दिशा बदलेंगे। इसके अलावा एक अन्य यू-टर्न व्यवस्था भी बनाई गई है, जिससे वाहन बिना चौराहे पर दबाव बढ़ाए अपनी दिशा बदल सकें।
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, इस नई व्यवस्था से कमता चौराहे पर जाम की समस्या में कमी आएगी और इलाहाबाद उच्च न्यायालय लखनऊ खंडपीठ के आसपास की सड़कों पर यातायात अधिक व्यवस्थित होगा।
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित डायवर्जन का पालन करें और संकेतों के अनुसार ही वाहन चलाएं, ताकि सभी के लिए सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित हो सके।




