
मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव और ईरान-अमेरिका टकराव का असर अब उत्तर प्रदेश के निर्यात कारोबार पर भी दिखने लगा है। खाड़ी देशों के समुद्री रास्तों में अनिश्चितता के कारण कानपुर, आगरा, नोएडा, मुरादाबाद और गाजियाबाद समेत कई औद्योगिक शहरों से यूरोप जाने वाले करीब 3000 करोड़ रुपये के ऑर्डर अटक गए हैं। दुबई, यूएई, ओमान और कतर के रास्ते जर्मनी, फ्रांस, इटली और यूके जैसे देशों को भेजे जाने वाले लेदर, गारमेंट, हैंडीक्राफ्ट, इंजीनियरिंग और इलेक्ट्रॉनिक उत्पाद ट्रांजिट पोर्ट पर फंसे हुए हैं। शिपिंग कंपनियों ने जोखिम प्रीमियम बढ़ा दिया है, जिससे ढुलाई महंगी हो गई है। निर्यातकों का कहना है कि अगर हालात जल्द सामान्य नहीं हुए तो उत्पादन, रोजगार और यूपी के निर्यात लक्ष्य पर बड़ा असर पड़ सकता है।




