
भारत ने अमेरिका द्वारा अपने बंदरगाहों के इस्तेमाल कर ईरान पर हमले किए जाने के दावों को सिरे से खारिज कर दिया है। विदेश मंत्रालय (MEA) ने इन आरोपों को ‘बेबुनियाद’ और ‘झूठा’ बताते हुए स्पष्ट किया कि भारतीय बंदरगाहों का अमेरिकी नौसेना की ओर से ईरान के खिलाफ किसी भी सैन्य अभियान में इस्तेमाल नहीं किया जा रहा है।
दरअसल, पूर्व अमेरिकी सेना कर्नल डगलस मैकग्रेगर ने वन अमेरिका न्यूज नेटवर्क (OAN) को दिए एक इंटरव्यू में दावा किया था कि अमेरिका ईरान के खिलाफ जारी संघर्ष में भारतीय नौसैनिक अड्डों और बंदरगाहों पर निर्भर हो गया है। उन्होंने कहा कि अमेरिका के कई बेस और बंदरगाह सुविधाएं नष्ट हो चुकी हैं, जिसके चलते उसे भारत पर निर्भर रहना पड़ रहा है।
हालांकि, भारत के विदेश मंत्रालय ने इन दावों को तुरंत खारिज करते हुए अपने फैक्टचेक अकाउंट से एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट किया कि OAN पर किए जा रहे ये दावे पूरी तरह फेक और फॉल्स हैं। मंत्रालय ने लोगों से ऐसी गढ़ी हुई और भ्रामक टिप्पणियों से सावधान रहने की अपील भी की।
यह बयान ऐसे समय सामने आया है जब मिडिल ईस्ट में तनाव चरम पर है और ईरान से जुड़े घटनाक्रमों पर वैश्विक नजर बनी हुई है। भारत ने एक बार फिर क्षेत्र में बढ़ते तनाव पर चिंता जताते हुए सभी पक्षों से संयम बरतने, तनाव को और न बढ़ाने और नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की है।




