Al से पहले ‘कैलकुलेटर’ से डरी थी दुनिया: 40 साल पुरानी वायरल फोटो ने खोली आंखें

आज दुनिया भर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और ChatGPT से नौकरियां जाने का डर फैला हुआ है, लेकिन सोशल मीडिया पर वायरल हो रही 1986 की एक तस्वीर बताती है कि तकनीक से जुड़ा यह डर नया नहीं है । वायरल फोटो में अमेरिका के गणित शिक्षक ‘कैलकुलेटर’ के इस्तेमाल के खिलाफ सड़कों पर प्रदर्शन करते नजर आ रहे हैं।
उस दौर में शिक्षकों का मानना था कि कैलकुलेटर बच्चों के दिमाग को सुस्त बना देगा और उनकी गणना करने की बेसिक क्षमता खत्म कर देगा । प्रदर्शनकारी शिक्षकों के हाथों में तख्तियां थीं जिन पर “Calculators: Just Say No” (कैलकुलेटर को ना कहें) जैसे नारे लिखे थे। उन्हें डर था कि मशीन के आने से छात्र पहाड़े और फॉर्मूले याद करना छोड़ देंगे, ठीक वैसी ही चिंता आज AI टूल्स को लेकर जताई जा रही है।
हालांकि, समय ने साबित किया कि कैलकुलेटर ने गणित को खत्म नहीं किया, बल्कि जटिल गणनाओं को आसान बनाकर छात्रों को ‘लॉजिकल थिंकिंग’ पर ध्यान देने का मौका दिया। यह ऐतिहासिक तस्वीर सबक देती है कि हर नई तकनीक का शुरुआती विरोध स्वाभाविक है, लेकिन अंततः वह जीवन का उपयोगी हिस्सा बन जाती है।




